IPL 2023: कोलकाता ने बैंगलोर को 21 रन से हराया
1 min read

IPL 2023: कोलकाता ने बैंगलोर को 21 रन से हराया

विराट कोहली के अर्धशतक के बावजूद आईपीएल 2023 के 36वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 21 रन से हरा दिया है। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 200 रन बनाए। जेसन रॉय ने 29 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्के की मदद से 56 रन जड़े। वहीं, कप्तान नीतीश राणा ने 21 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से 48 रन की पारी खेली। जवाब में बेंगलुरु की टीम 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 179 रन ही बना सकी। कप्तान विराट कोहली ने 37 गेंदों में 6 चौके की मदद से 54 रन की पारी खेली। कोलकाता की टीम लगातार 4 मैच हारने के बाद पहला मैच जीती है। वहीं, बैंगलोर की टीम को लगातार 2 जीत के बाद हार मिली है। केकेआर के 8 मैचों में 3 जीत और 5 हार हैं। 5 अंकों के साथ टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। वहीं, बैंगलोर की टीम 8 मैचों में 4 जीत और 4 हार के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है।

कोलकाता की पारी की शुरुआत में जेसन रॉय और नारायण जगदीशन ओपनिंग के लिए आए। दोनों ने 2 ओवर में 13 रन जोड़ दिए। 6 ओवर के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 66 रन बना लिए। पावरप्ले के बाद जेसन रॉय 20 गेंदों में 48 रन और नारायण जगदीशन 16 गेंदों में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। शाहबाज के छठे ओवर में 25 रन आए। इस ओवर में जेसन रॉय ने 4 छक्के लगाए। जेसन रॉय ने 22 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है, जबकि आईपीएल में ओवरऑल चौथा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 19 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। 8 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर बिना विकेट गंवाए 75 रन था।

10वें ओवर में कोलकाता को दो झटके लगे। विजयकुमार वैशाक ने इस ओवर में नारायण जगदीशन और जेसन रॉय को पवेलियन भेजा। वैशाक ने पहले जगदीशन को विली के हाथों स्लोअर बाउंसर पर मिडविकेट के इलाके में कैच कराया। वहीं, ओवर की आखिरी गेंद पर वैशाक ने जेसन रॉय को बेहतरीन यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड किया। नारायण जगदीशन 29 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 4 चौके लगाए। वहीं, जेसन ने 29 गेंदों में 56 रन की अपनी पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए। जेसन रॉय ने KKR को टॉप ऑर्डर में वह मोमेंटम प्रदान किया, जिसकी टीम को लंबे अरसे से दरकार थी। उन्होंने बड़ी आसानी के साथ बाउंड्री हासिल की।

16 ओवर के बाद कोलकाता ने 2 विकेट गंवाकर 150 रन बना लिए। इस दौरान नीतीश राणा 16 गेंदों में 33 रन और वेंकटेश अय्यर 22 गेंदों में 28 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। दोनों के बीच 50+ रन की साझेदारी हुई। कोलकाता ने 18 ओवर के बाद 4 विकेट गंवाकर 170 रन बनाए। 18वें ओवर में वानिंदु हसरंगा ने कप्तान नीतीश राणा और वेंकटेश अय्यर को पवेलियन भेजा। नीतीश ने 21 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से 48 रन बनाए। वहीं, वेंकटेश 26 गेंदों में 31 रन बना सके। आंद्रे रसेल एक बार फिर फेल हुए और 1 रन बनाकर सिराज की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। रिंकू सिंह 10 गेंदों में 18 रन और डेविड वीज तीन गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद रहे। आखिरी 5 ओवर में कोलकाता ने 3 विकेट गंवाए और 69 रन बनाए। लास्ट ओवर में केकेआर ने 15 रन जोड़े।

201 चेज करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को तीसरे ओवर में 31 के स्कोर पर पहला झटका लगा। लेग स्पिनर सुयश शर्मा ने फाफ डुप्लेसिस को टॉस्ड अप डिलीवरी पर रिंकू सिंह के हाथों लॉन्गऑन पर कैच कराया। वह 7 गेंदों में 17 रन बना सके। सुयश शर्मा ने 5वें ओवर की चौथी गेंद पर शाहबाज अहमद को 2 के स्कोर पर LBW कर दिया। छठे ओवर में 58 के स्कोर पर RCB को तीसरा झटका लगा। वरुण चक्रवर्ती ने ग्लेन मैक्सवेल को डेविड वीज के हाथों कैच कराया। वह 4 गेंदों में 5 रन बना सके। पावरप्ले के बाद विराट कोहली 19 गेंदों में 33 रन बनाकर महिपाल लोमरोर के साथ क्रीज पर थे। 9 ओवर के बाद बेंगलुरु ने 3 विकेट गंवाकर 80 रन बना लिए। महिपाल लोमरोर 10 गेंदों में 13 रन और विराट कोहली 28 गेंदों में 42 रन बनाकर डटे हुए थे। यहां से RCB को जीत के लिए 66 गेंदों में 121 रन की जरूरत थी।

बेंगलुरु को 113 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। वरुण चक्रवर्ती ने महिपाल लोमरोर को रसेल के हाथों कैच कराया। लोमरोर 18 गेंदों में 34 रन बना सके। इसके बाद दिनेश कार्तिक 1 रन और विराट कोहली 54 रन बनाकर क्रीज पर थे। कोहली ने सीजन का पांचवां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 33 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। यह कोहली के आईपीएल करियर का 49वां अर्धशतक रहा। RCB को 48 गेंदों में 86 रन की जरूरत थी। 13वें ओवर में 115 के स्कोर पर टीम को पांचवां झटका लगा। आंद्रे रसेल ने विराट कोहली को शॉर्ट बॉल पर पुल शॉट खेलते हुए टाइमिंग मिस करने के बाद वेंकटेश अय्यर के हाथों डीप में कैच कराया। वह 37 गेंदों में 6 चौके की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। यहां से 47 गेंद पर 86 रन की दरकार थी, लेकिन दिनेश कार्तिक मैच फिनिश नहीं कर सके। डीके वरुण चक्रवर्ती के 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर डीप मिडविकेट फील्डर को 18 गेंद पर 22 रन बनाकर कैच थमा बैठे। इस हार के बाद दिनेश कार्तिक की फिनिशिंग एबिलिटी पर सवाल खड़े हो गए हैं। क्या उनके फ्लॉप शो के कारण RCB जीते हुए मैच यूं ही हारते रहेगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *