आईपीएल में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर टेस्ट में वापस लौटे अजिंक्य रहाणे
IPL में 199 की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे अजिंक्य रहाणे भारत के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल खेलेंगे। IPL के पहले उन्होंने 7 रणजी मैचों में 57.63 की एवरेज के साथ 634 रन ठोके थे। इस दौरान रहाणे के बल्ले से 1 अर्धशतक और 2 शतक आए थे। रहाणे को 2022 में दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया था। भारतीय टीम 7 से 11 जून तक होने वाले फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उतरेगी। यह मैच इंग्लैंड के ओवल में खेला जाएगा। भारत पिछले साल भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचा था, लेकिन न्यूजीलैंड के हाथों उसे 8 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए पिछला टेस्ट 11 जनवरी 2022 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। रहाणे ने भारत के लिए 82 टेस्ट मैचों में 38.52 की औसत से 4932 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 12 शतक और 25 अर्धशतक आए हैं।
अजिंक्य रहाणे ने अपनी पिछली 12 टेस्ट पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया था। रणजी ट्रॉफी में फॉर्म हासिल करने के बाद आईपीएल 2023 में रहाणे ने शानदार प्रदर्शन किया। वह महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए 5 पारियों में 52.25 की औसत से 209 रन बना चुके हैं। अजिंक्य रहाणे जिस तरह दिग्गज गेंदबाजों के धागे खोल रहे हैं, वह बता रहा है कि खिलाड़ी अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में चल रहा है। धीमी बल्लेबाजी के लिए अक्सर आलोचना का शिकार होने वाले रहाणे का इस आईपीएल में स्ट्राइक रेट 199.04 है। रहाणे को इसका फायदा मिला और उन्हें टीम इंडिया में चुन लिया गया। उन्हें श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति और सूर्यकुमार यादव के टेस्ट में उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन ना कर पाने का भी लाभ मिला। पर सच्चाई ये भी है सूर्या को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ डेब्यू टेस्ट खेलने दिया गया और फिर बेंच पर बिठा दिया गया। महेंद्र सिंह धोनी ने अजिंक्य रहाणे के डूबते करियर को संवार दिया और उन्हें टीम इंडिया में एक और अवसर हासिल हो गया। रहाणे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में टीम इंडिया के लिए एक्स फैक्टर साबित हो सकते हैं।
चयनकर्ताओं ने अब तक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के उपकप्तान के नाम का ऐलान नहीं किया है। कहा जा रहा है कि यह घोषणा कुछ दिनों के बाद कर दी जाएगी। ऋषभ पंत की आक्रामक बल्लेबाजी की कमी टीम इंडिया को बहुत खल रही थी। IPL में भी पंत की अनुपस्थिति में दिल्ली कैपिटल्स का बुरा हाल है। ऐसे में चयनकर्ताओं को लगा कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ काउंटर अटैक करने के लिए फिलहाल अजिंक्य रहाणे से बेहतर कोई दूसरा ऑप्शन टीम के पास नहीं है। हालांकि रहाणे फिलहाल वाइट बॉल से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं और टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला रेड बॉल से खेला जाएगा। पर इस बीच घरेलू क्रिकेट में भी रहाणे ने कमाल का प्रदर्शन किया है। विकेटकीपर के तौर पर केएस भरत की जगह संजू सैमसन को अवसर दिए जाने की बात थी, लेकिन चयनकर्ताओं ने भरत पर ही भरोसा कायम रखा है। अगर केएस भरत की जगह राहुल विकेटकीपिंग का जिम्मा संभाल लें, तो भरत की बजाय रहाणे को प्लेइंग XI में अवसर मिल सकता है। आपके हिसाब से ऐसा किया जाना चाहिए?
भारत की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की टीम कुछ इस प्रकार है: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएल राहुल, केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दूल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट।