क्या इस आईपीएल 2023 के बाद धोनी संन्यास लेने वाले हैं?
1 min read

क्या इस आईपीएल 2023 के बाद धोनी संन्यास लेने वाले हैं?

माही ने इस IPL के बाद संन्यास लेने का इशारा किया है। धोनी ने ईडन गार्डंस, कोलकाता में KKR के खिलाफ 49 रन से मैच जीतने के बाद कहा कि पब्लिक भारी संख्या में मुझे फेयरवेल देने के लिए ग्राउंड पर आ रही है। यह कहने के बाद उनके चेहरे पर हल्की सी मुस्कान आ गई। जब धोनी से पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरिमनी में पूछा गया कि कोलकाता के होम ग्राउंड में ज्यादा समर्थक चेन्नई के थे, तब उन्होंने कहा मैं सपोर्ट के लिए बस थैंक्यू कहूंगा। काफी ज्यादा संख्या में लोग आए थे। अगली बार इनमें से ज्यादातर लोग KKR की जर्सी में आएंगे। वे मुझे फेयरवेल देने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए क्राउड का बहुत सारा शुक्रिया।

महेंद्र सिंह धोनी का यह बयान सुनते ही दिल से आवाज आई कि अभी ना जाओ छोड़ कर कि दिल अभी भरा नहीं…! ऐसा नहीं है कि धोनी के फैन होने के नाते यह बात कही जा रही है। हकीकत यह है कि 41 की उम्र में आज भी ग्राउंड पर उनसे बड़ा कप्तान और विकेटकीपर कोई दूसरा नहीं है। माही की फिटनेस अपने आप में मिसाल है। कोलकाता के खिलाफ धोनी को सिर्फ 2 गेंद के लिए बल्लेबाजी मिली, लेकिन इस दौरान भी उन्होंने अपनी छाप छोड़ दी। माही ने पहली गेंद खेली और फुलटॉस विकेटकीपर के पास चली गई। अंपायर ने कमर से ऊपर की नो बॉल नहीं दी तो धोनी ने तुरंत DRS ले लिया। धोनी का फैसला सही साबित हुआ और ग्राउंड अंपायर को माफी मांगते हुए नो-बॉल देनी पड़ी।

एन. जगदीशन तुषार देशपांडे के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर थर्डमैन पर तैनात जडेजा के हाथ लपके गए। बल्लेबाज को पहले ही लेगस्टंप के बाहर थोड़ा सा शफल करता देखकर तुषार ने आउटसाइड ऑफ स्टंप फुल लेंथ गेंद डाली। जगदीशन ने बल्ला चलाया और बॉल बाहरी किनारा लेकर हवा में चली गई। जैसे ही जडेजा ने कैच कंप्लीट किया, तुषार देशपांडे ने धोनी की तरफ मुस्कुराते हुए प्लानिंग सफल होने का इशारा किया। कमेंट्री कर रहे मुरली कार्तिक ने भी बताया कि धोनी ने बल्लेबाज की गतिविधि को देखते हुए जानबूझकर थर्डमैन की दिशा में फील्डर रखा था और तुषार को ऑफ स्टंप के बाहर गेंदबाजी करने की सलाह दी थी। शुरुआती मुकाबलों में रन लीक कर रहे तुषार देशपांडे को जिस तरह धोनी ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ बॉल डालने वाला गेंदबाज बना दिया है, वह इस खिलाड़ी की महानता बताने को काफी है।

मैच में 18वां ओवर करने फिर एक दफा तुषार देशपांडे आए। उस वक्त रिंकू सिंह और डेविड वीजे क्रीज पर थे। तुषार ने तीसरी गेंद डेविड को मिडिल स्टंप पर कटर डाली और बॉल सीधे थाई पैड्स पर लगी। अपील करने पर अंपायर ने नॉट आउट दिया। धोनी ने फिर DRS लिया और अंपायर ने आउट का इशारा किया। रिव्यु में साफ नजर आया कि गेंद हर हाल में लेग स्टंप से जाकर टकरा रही थी। धोनी ने मैच में 2 बार DRS लिया और दोनों बार उनका फैसला सही साबित हुआ। मैच के बाद से ही DRS मतलब धोनी रिव्यू सिस्टम ट्विटर पर टॉप ट्रेंड करने लगा। जो खिलाड़ी आज भी अपने बूते खेल बदलने का माद्दा रखता हो, उसके संन्यास की अटकलें दिल दुखाती हैं। माही आराम से 2-3 सीजन और खेल सकता है। महेंद्र सिंह धोनी की बदौलत ही हमें अजिंक्य रहाणे वर्जन 2.0 वर्जन देखने को मिला है। वरना टेस्ट टीम से ड्रॉप होने के बाद उनके पास संन्यास के सिवा कोई और चारा नहीं बचा था। अभी कुछ और खिलाड़ियों का करियर बनाना है, माही तुमको इतनी जल्दी नहीं जाना है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *