प्रधानमंत्री मोदी सब की मन की बात सुनते है, तो हमारे मन की बात कब सुनेंगे
पहलवानों के प्रदर्शन का आठवें दिन जारी है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर देश के कई पहलवान धरने पर बैठे है। पहलवानों ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और इंसाफ की मांग की। रेसलर्स ने कहा कि प्रधानमंत्री सब की मन की बात सुनते है, तो हमारे मन की बात सुनें। जंतर मंतर पर टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया ने कहा कि उनकी लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक न्याय नहीं होता और दोषी को सजा नही मिल जाती।
बजरंग पुनिया ने परिवारवाद के मुद्दे पर आगे कहा, सारा परिवारवाद कुश्ती संघ में हो रहा है और आरोप हम पर लगा रहे हैं। उन्होंने कहा किसी खिलाडी का क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है। लेकिन बृजभूषण सिंह पर कई आपराधिक केस दर्ज हैं। पुनिया ने कहा, हमारी लड़ाई चुनाव के लिए नहीं है। उन्होंने WFI अध्यक्ष को लेकर कहा, बृजभूषण अब भी मुस्कुराते हुए बोल रहा है। ऐसे इंसान को मंच नहीं देना चाहिए। वहीं आगे प्रेसवार्ता में विनेश फोगाट ने भी कहा कि पीएम मोदी से पहलवानों की मांगों को सुनने का आग्रह किया।
विनेश फोगाट ने कहा- प्रधानमंत्री को हमारे मन की बात भी सुननी चाहिए। करोड़ों लोग हमारे समर्थन में बैठे हैं। यह हमारी ताकत है। हम नहीं जानते कि कितने सांसद और विधायक हैं। यूपी के गोण्डा से भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह ने दावा किया कि प्रदर्शनकारी विपक्ष के हाथों का खिलौना मात्र हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के हवाले से उन्होंने कहा, ये सभी खिलाड़ी कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलौने बन गए हैं। उनका मकसद राजनीतिक है, मेरा इस्तीफा नहीं। बृज भूषण सिंह ने कहा कि उन्हें अभी तक उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर की कॉपी नहीं मिली है।