वेंकटेश की तूफानी पारी से मुंबई ने 5 विकेटों से दर्ज की जीत
मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग में वानखेड़े के मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स को संडे के पहले मैच में 5 विकेट से हरा दिया है। यह मुंबई की कोलकाता पर 23वीं जीत है। वेंकटेश अय्यर के तूफान पर ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव का प्रहार भारी पड़ गया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाहरुख खान की एंट्री पर बैन को लेकर विवाद हुआ था, ऐसे में कोलकाता के लिए यहां जीतना सपने सरीखा हो गया है। अपने होम ग्राउंड पर मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 185 रन बनाए। 186 रन का टारगेट मुंबई के बल्लेबाजों ने 17.4 ओवर में 5 विकेट पर हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज जगदीशन खाता खोले बिना लौट गए और गुरबाज के बल्ले से 8 रन आए। नीतीश राणा ने 5, शार्दुल ठाकुर ने 13 और रिंकू सिंह ने 18 रन बनाए।
अंतिम लम्हों में आंद्रे रसेल ने 11 गेंद पर 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 21* रनों की पारी खेली। स्कोरकार्ड को देखकर ऐसा लग रहा है कि जब सब बल्लेबाजों ने 30 से कम रन बनाए, तो आखिर मामला 186 तक कैसे पहुंच गया। दरअसल वेंकटेश अय्यर ने 104 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 9 छक्के लगाए। मुंबई के ऋतिक शौकीन ने 2 विकेट लिए। उन्होंने नीतीश राणा को आउट करने के बाद वापस जाने का इशारा कर दिया, जिससे कोलकाता के कप्तान बुरी तरह भड़क गए। वेंकटेश अय्यर ने IPL का दूसरा शतक जमाया। पहला शतक सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हैरी ब्रूक के नाम है। अय्यर ने 50 बॉल में शतक पूरा किया। उन्होंने 104 रन बनाए। 51 गेंदों की पारी में अय्यर ने 6 चौके और 9 छक्के जमाए। वे कोलकाता के लिए शतक जमाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं। इससे पहले, ब्रेंडन मैकुलम ने पहले सीजन के पहले मुकाबले में 158 रनों की इनिंग खेली थी। मैकुलम के बाद इतने सारे बल्लेबाजों ने कोलकाता के लिए आईपीएल खेला, लेकिन कोई शतक नहीं बना सका।
मुंबई के लिए अपने डेब्यू मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर 24 नंबर की जर्सी पहनकर उतरे। 24 अप्रैल को सचिन तेंदुलकर का बर्थडे है। अर्जुन ने 2 ओवर में 17 रन दिए, लेकिन कोई सफलता उनके हाथ नहीं लगी। ईशान किशन ने 25 गेंद पर 58 रन की तूफानी पारी खेली। यह पारी वेंकटेश अय्यर के शतक पर भारी पड़ गई। ईशान ने रोहित के साथ 29 गेंद में 65 रन की ओपनिंग साझेदारी की। इसके बाद सूर्या और तिलक वर्मा की अर्धशतकीय साझेदारी ने कमाल कर दिया। तिलक वर्मा ने 25 बॉल पर 30 और सूर्यकुमार ने 25 बॉल पर 43 रन बनाए। गेंदबाजी में मुंबई के ऋतिक शौकीन और कोलकाता के सुयश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए। कोलकाता के ट्रम्प कार्ड कहे जाने वाले सुनील नरेन ने 3 ओवर में 41 रन लुटा दिए लेकिन उनके हाथ एक भी सफलता नहीं लगी। मिस्ट्री स्पिनर कहे जाने वाले वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 38 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।
पावरप्ले में मुंबई ने तूफानी शुरुआत की। इम्पैक्ट प्लेयर रोहित शर्मा और ईशान किशन की जोड़ी ने 29 गेंद पर 65 रन की ओपनिंग साझेदारी की। यहां रोहित शर्मा 20 रन बनाकर आउट हुए। उमेश यादव की गेंद पर मिड ऑफ पर उमेश यादव ने रोहित का शानदार कैच पकड़ा। रोहित इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेल रहे थे। सीजन में पहली बार किसी टीम का रेगुलर कप्तान इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरा। इस मैच में मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव ही कहे जाएंगे, क्योंकि उन्होंने टॉस कराया। रोहित और ईशान के आउट होने के बाद तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने 38 बॉल पर 60 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी की। सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंदों पर 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 43 रनों की पारी खेलकर फॉर्म में दमदार वापसी की। इस साझेदारी को सुयश ने तिलक को बोल्ड कर खत्म किया। सुयश ने रोहित को बोल्ड कर ओपनिंग साझेदारी भी तोड़ी थी। अंत में 13 गेंद पर 24* रन बनाकर टिम डेविड ने मुंबई को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।